काठमांडू, 10 अगस्त । केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो (सीआईबी) ने फर्जी सर्टिफिकेट मामले में सत्तारूढ़ नेपाली कांग्रेस के सांसद डॉ. सुनील शर्मा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाली कांग्रेस के केंद्रीय सदस्य अजयबाबू शिवाकोटी ने बताया कि काठमांडू के गल्फूटार स्थित उनके निवास से ही सांसद डॉ. शर्मा को सीआईबी के अधिकारी अपने साथ ले गए हैं।
सीआईबी ने सांसद डॉ. शर्मा की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। ब्यूरो के एक अधिकारी ने बताया कि चीन से एमबीबीएस और एमडी करने वाले सांसद डॉ. सुनील शर्मा ने अपने इंटरमीडिएट के सर्टिफिकेट में फर्जीवाड़ा करते हुए मेडिकल में एडमिशन लिया था।
नेपाली कांग्रेस के केंद्रीय सदस्य शिवाकोटी का आरोप है कि सोने की तस्करी के मामले में गृहमंत्री की संलिप्तता का संसद में आरोप लगाने के कारण उनकी गिरफ्तारी की गई है।
डॉ. शर्मा नेपाली कांग्रेस के सांसद होने के अलावा देश के जाने माने मेडिकल व्यवसायी हैं। काठमांडू मेडिकल कॉलेज और विराटनगर के नोबल मेडिकल कॉलेज के संचालक होने के अलावा देश के कुछ और मेडिकल कॉलेजों एवं बड़े अस्पतालों में उनका शेयर है। वह मोरंग निर्वाचन क्षेत्र से पहली बार सांसद बने हैं।
