15 अगस्त के दिन भारत अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा। इस दिन का जश्न मनाने के लिए लालकिले से प्रधानमंत्री भाषण देते हैं। लालकिले पर जश्न मनाने के लिए तैयारियों चल रही हैं। हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि लालकिले के सामने ज्ञान पथ को फूलों और जी20 साइनेज से सजाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित करेंगे।
लालकिले के आस पास सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। ताकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस साल 20,000 से अधिक अधिकारी और नागरिक स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय उत्सव के लिए ज्ञान पथ को फूलों और जी20 साइनेज से सजाया जा रहा है।
लालकिले पर इन सुरक्षाबलों की तैनाती
वहीं दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस के अनुसार, लालकिला पर आयोजित समारोह में इस बार जी-20 सम्मेलन की झलक दिखेगी। लालकिला परिसर और बाहरी इलाके में ऑटोमेटिक फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरसी) कैमरों सहित कई आधुनिक उपकरण लगेंगे। किसी भी संदिग्ध के कैमरे की जद में आने के बाद सिग्नल कंट्रोल रूम को मिल जाएगा। कंट्रोल रूम की निगरानी सुरक्षा एजेंसियों के हाथ में होगी। लालकिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी एनएसजी, एसपीजी, अर्धसैनिक बल के जवान और दिल्ली पुलिस के हाथ में है। 200 मीटर तक के दायरे में अर्धसैनिक बल की तैनाती होगी।
दिल्ली के कई इलाकों निगरानी तेज
वहीं, आंतरिक और बाहरी इलाके में दिल्ली पुलिस भी निगरानी करेगी। ड्रोन से पूरे इलाके पर निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां किसी गड़बड़ी की आशंका को लेकर दी जा रही खुफिया जानकारी के मुताबिक सुरक्षा के इंतजाम करने में जुटे हैं। लालकिला के आसपास पतंग के उड़ाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। करीब 300 बड़ी इमारतों पर दूरबीन से लैस सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। पिछले साल लालकिले के मुख्य गेट पर कंटेनर लगाए गए थे, लेकिन इस बार इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। एसपीजी ही अंतिम निर्णय लेगी।
पुलिस ने बढ़ाई गेस्ट हाउस और होटलों की जांच
दिल्ली पुलिस इलाके के होटलों और गेस्ट हाउस की लगातार जांच कर रही है। यहां आने वाले संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। मालिकों को साफ तौर पर कहा गया है कि आने वालों की पूरी जानकारी लेने के बाद ही उन्हें रहने की इजाजत दें। अगर किसी की भूमिका संदिग्ध लग रही है तो इसकी जानकारी पुलिस को देने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पुलिस आसपास रहने वाले किरायेदारों, दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों, नौकरों, चालकों व अन्य लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
