नई दिल्ली, 14 अगस्त । भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिन्दल से बात कर प्रदेश में बादल फटने और भूस्खलन से हुए नुकसान की जानकारी ली है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को हर तरह से पूरा सहयोग करने का भी आश्वासन दिया है।
इसके साथ ही जेपी नड्डा ने इस आपदा के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला स्थित गांव जादोन में बादल फटने व शिमला में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं, ईश्वर सभी को संबल प्रदान करें। आपदा की इस घड़ी में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देवभूमि के लोगों की सेवा के लिए समर्पित है। दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति।
