उत्तरप्रदेश :- बरेली में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार बेहतर कानून व्यवस्था के साथ आगे बढ़ रही है। जो अनैतिक कार्य करेंगे, सरकार उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करती रहेगी। सपा मुखिया के बयानों पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भड़काऊ बयान से परहेज करें। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि सपा की सरकार में बेईमानी और भ्रष्टाचार हावी हो गया था। पूरा राज्य दंगाइयों के हवाले था। सरकार दंगाइयों के साथ खड़ी थी। सपा मुखिया आज कसमसाहट में हैं, क्योंकि सरकार दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कर रही है।
कुछ जिलों में बदले जा सकते हैं जिलाध्यक्ष
कुछ जनपदों में संगठन में बदलाव होंगे। जिलाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं। बरेली व आंवला के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष इसी महीने तय हो जाएंगे। इसकी जल्दी ही घोषणा होगी। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने दी। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रमुख पदाधिकारियों और जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह के गांव ब्रह्मपुरा के लिए रवाना हो गए। उनसे मिलने वालों में मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, महानगर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा थे।
भूपेंद्र चौधरी बदायूं भी पहुंचे
बदायूं के दातागंज में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने ग्राम ब्रह्मपुर पहुंचकर क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा ब्रज क्षेत्र दुर्विजय सिंह शाक्य की मां रामकुंवरि शाक्य के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। इसके साथ ही कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, राजस्व राज्यमंत्री अनूप प्रधान, राज्यमंत्री रघुराज सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह, सांसद फिरोजाबाद चंद्रशेखर जादौन, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की।
