मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति बधाई पत्र सौंपेंगे। श्री चौहान भारत के भविष्य और निर्माण के लिए निर्मित नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसरण में, प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में नवनियुक्त शिक्षकों को उनके प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर अध्यापन में उत्कृष्टता एवं शिक्षा में नवीन आयाम स्थापित करने के लिए प्रेरित भी करेंगे। कार्यक्रम भोपाल स्थित भेल बरखेड़ा स्थित सीएम राइज शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में होगा।
इसमें सत्र 2023-24 में नवनियुक्त 5 हजार 580 शिक्षकों को नियुक्ति बधाई पत्र दिये जायेंगे। कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण भी किया जायेगा।उल्लेखनीय है कि पिछले तीन वर्षों में स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग में प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षकों के 49 हजार 48 पदों पर नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
