नई दिल्ली, 23 अगस्त। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मिजोरम के सैरांग इलाके के पास एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के ढह जाने के बाद 17 मजदूरों की मौत पर दुख प्रकट किया है।
शाह ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि हादसे में घायल सभी लोग जल्द स्वस्थ हो जाएं। उन्होंने कहा कि मिजोरम में हुए हादसे से वह बहुत दुखी हैं। उन्होंने घटना के संबंध में मिजोरम के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात की है और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
शाह ने कहा कि घटना स्थल पर स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवान राहत और बचाव कार्य में लगे हैं। वह हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।
उल्लेखनीय है कि मिजोरम के पास सैरांग में एक निर्माणाधीन रेलवे पुल के गिर जाने से बुधवार को 14 मजदूरों की मौत का मामला सामने आया है। स्थानीय प्रशासन और रेलवे का कहना है कि घटना स्थल पर अभी और लोगों के फंसे होने की आशंका है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ राहत और बचाव कार्य में एनडीआरएफ की टीम भी जुटी है। केन्द्र ने हर संभव मदद की पेशकश की है।
