आईएसआईएस के जरिए पाक दूतावास हमले की जिम्मेदारी लेना भी सुर्खियों में छाया
नई दिल्ली, 05 दिसंबर । पाकिस्तान से सोमवार को प्रकाशित अधिकांश समाचारपत्रों ने पीएम शहबाज शरीफ के ट्विटर पर दिए गए उस बयान को प्रमुखता दी है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इमरान खान की राजनीति का मकसद सिर्फ और सिर्फ सत्ता हासिल करना है। वह सत्ता चाहते हैं, चाहे मुल्क की बुनियाद कमजोर हो जाए।
अखबारों ने काबुल में पाकिस्तानी दूतावास पर हमले की जिम्मेदारी आईएसआईएस के जरिए कबूल किए जाने की खबरें भी दी हैं। विदेश मंत्रालय के जरिए इसकी पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है। अखबारों ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि सिंध जरदारी माफिया के चंगुल में फंसा हुआ है। आजादी के लिए दोबारा प्रयास शुरू करेंगे। जुल्म के खिलाफ उठेंगे।
अखबारों ने ईरान के जरिए इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए काम करने वाले चार व्यक्तियों को सजा-ए-मौत दिए जाने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने रूस के जरिए तेल की कीमतों की सीमा तय किए जाने के यूरोपियन यूनियन के प्रयासों को रद्द किए जाने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने इजराइली लड़ाकू विमानों के जरिए गाजा पट्टी में बमबारी करने की खबरें देते हुए बताया है कि इसमें कई लोग जख्मी हुए हैं। असलहा डिपो और खुफियां टनल भी तबाह हो गयी है।
अखबारों ने ईरान के जरिए परमाणु बिजली घर बनाने का काम शुरू किए जाने की खबरें भी दी हैं। यह प्रोजेक्ट 2 अरब डॉलर की लागत से 7 साल में पूरा किया जाएगा। अखबारों ने पाक अधिकृत कश्मीर में होने वाले निकाय चुनाव में इमरान खान की तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने की खबरें भी दी हैं। अखबारों ने बताया है कि मुस्लिम लीग नवाज दूसरे और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी तीसरे नंबर पर आई है।
अखबारों ने पूर्व गृहमंत्री शेख रशीद का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इमरान खान 30 दिसंबर तक देश में नए चुनाव की तारीख लेंगे। अगर ऐसा नहीं हुआ तो वह विधानसभाएं तोड़ देंगे। यह सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस रोजनामा जंग और रोजनामा औसाफ ने पहले पन्ने पर प्रकाशित की हैं।
रोजनामा नवाएवक्त ने जम्मू-कश्मीर में जांच एजेंसी एनआईए द्वारा पुलिस और सेना के साथ मिलकर कुपवाड़ा में छापामारी करने की खबर को छापा है। अखबार ने बताया है कि हुर्रियत नेताओं, मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के घरों पर छापे मारे गए हैं। अखबार ने बताया है कि इस दौरान एक महिला के साथ हिंसा का मामला भी सामने आया है। अखबार ने बताया कि घरेलू कीमती सामान भी जब्त कर लिया गया है। हुर्रियत कांफ्रेंस ने आरोप लगाया है कि कश्मीर में की जा रही छापेमारी बदले की कार्रवाई है और कश्मीरी नेताओं की आवाज को दबाने की कोशिश है।
रोजनामा एक्सप्रेस ने मुंबई में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ उसी के साथ पढ़ने वाले 2 छात्रों द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने की खबर दी है। अखबार ने बताया है कि छात्रा के साथियों ने उस समय यौन उत्पीड़न किया जब उसके साथी छात्र डांस की प्रैक्टिस करने के लिए क्लास रूम से बाहर चले गए थे। अखबार ने बताया कि घटना के बाद से लड़की सदमे में है। लड़की ने इस घटना के बारे में अपने घर वालों को बताया है, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने दोनों छात्रों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है, जहां से अदालत ने दोनों छात्रों को बाल सुधार घर में भेज दिया है।
