डिब्रूगढ़ (असम), 05 दिसंबर | डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय की रैगिंग मामले के मुख्य आरोपित राहुल छेत्री ने सोमवार को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस उसे कई दिनों से तलाश रही थी। पुलिस ने उसे कोर्ट ने पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया। उसके बाद उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
डिब्रूगढ़ विवि के एम कॉम प्रथम सेमेस्टर के छात्र आनंद सरमा ने रैगिंग से बचने के लिए छात्रावास की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी, जिसके चलते उसको काफी गंभीर चोटें आई थीं। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था। इस मामले में डिब्रूगढ़ विवि के छात्रावास के तीन वॉर्डनों को निलंबित किया गया है। इनके स्थान पर तीन नए वॉर्डन नियुक्त किए जाएंगे।
इससे पहले डिब्रूगढ़ विवि के रजिस्ट्रार कार्यालय ने जूनियर छात्रों की रैगिंग में कथित संलिप्तता के लिए आरोपित 21 छात्रों को निष्कासित कर दिया गया है। उधर, पुलिस ने चार आरोपित छात्रों को हिरासत में लिया था, जिनमें एक मुख्य आरोपित निरंजन ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। धेमाजी जिला गोरखा छात्र संघ ने असली दोषियों को दंडित करने की मांग की है।
