मुंबई: महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस हाल ही में जापान के दौरे से लौटे हैं। एयरपोर्ट पर फडणवीस का जिस तरह से जोरदार स्वागत किया गया, वह अप्रत्याशित था। अब बीजेपी फडणवीस के जापान दौरे का जोरशोर से प्रचार कर रही है। मुंबई में जगह-जगह पोस्टर, बैनर लगाए गए हैं। इसके जरिए बीजेपी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि भले ही फडणवीस सीएम नहीं हैं, लेकिन विदेशों में उनकी पूछपरख है। इसका फायदा मुंबई और महाराष्ट्र को मिल रहा है। जापान यात्रा के दौरान फडणवीस मुंबई सहित राज्य की कई परियोजनाओं के लिए निवेश लाने में सफल रहे। जापान का ज्यादा से ज्यादा निवेश महाराष्ट्र में हो, इसके लिए एक टीम बनाई गई है, जिसमें जापानी बोलने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा। फडणवीस ने जापान यात्रा के दौरान जिन दिग्गज कंपनियों के सीईओ से मुलाकात की, उसकी चर्चा जापान और महाराष्ट्र में ही नहीं, बल्कि दिल्ली तक है। फडणवीस की जापान यात्रा को देखते हुए दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्री भी जापान यात्रा की तैयारी में लग गए हैं।
फडणवीस का दावा है कि डेटा सेंटर से लेकर सेमीकंडक्टर तक सभी क्षेत्रों में निवेश करने के लिए जापान उत्सुक है। वर्सोवा-विरार सी-लिंक के लिए भी आर्थिक मदद को जापान तैयार है। साथ ही, मुंबई की मेट्रो 11, मुंबई में बाढ़ प्रबंधन परियोजना में मदद को भी उत्सुकता दिखाई है। एनटीटी और सोनी जैसी कंपनियां राज्य में निवेश करने की इच्छुक हैं।
जून 2023 से 36,634 करोड़ रुपये का निवेश
फडणवीस ने आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा है कि इस साल अप्रैल से जून 2023 के बीच महाराष्ट्र में 36,634 करोड़ रुपये का विदेशी निवेश आया है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने ट्वीट कर अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा कि महाराष्ट्र प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित कर देश में नंबर वन राज्य बन गया है।
