नई दिल्ली, । खुद को भारतीय प्रशासनिक अधिकारी (आइएएस) और एक सांसद का निजी सहायक बताकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आवास में प्रवेश करने के आरोप में दो लोगों को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डीसीपी उत्तरी जिला सागर सिंह कलसी ने यह जानकारी दी।
दूसरे ने खुद को बताया एमपी का पीए
जानकारी के मुताबिक, दोनों ओडिशा के रहने वाले हैं। इनमें एक ने खुद को आइएएस अधिकारी बताया, जबकि दूसरे ने खुद को एमपी का पीए बताया था। मामला एक सप्ताह पहले का है। ओडिशा निवासी अभिमन्यु सेठी अपने एक साथी अभिषेक के साथ एलजी के आवास पर पहुंचा था।
एलजी के आवास के एंट्री गेट पर अभिमन्यु ने खुद को आइएएस अधिकारी बताया, जबकि अभिषेक ने एक सांसद के निजी सहायक के रूप में अपना परिचय दिया था। दोनों आरोपित वहां मौजूद कर्मचारियों से मिले।
कर्मचारी समझ गए कि वे झूठ बोल रहे हैं और उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं मिला है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
नहीं मिला कोई आतंकी एंगल
संदिग्धों से पूछताछ में कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है। कलसी ने बताया कि हालांकि, जांच शुरू की गई और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी एक-दूसरे से एक कॉमन फ्रेंड के जरिए मिले थे, उनका इरादा एलजी के साथ फोटो खिंचवाना था और फिर आसानी से पैसे कमाने के लिए उन तस्वीरों का दुरुपयोग करना था।
