दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में आज तड़के एक फैक्ट्री में आग लग गई. आग इतनी भयंकर थी कि उसकी लपटों से आसपास की जगह को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल विभाग को आज सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर आग लगने की जानकारी दी गई. सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां तुरंत घटना स्थल पर पहुंच गईं. आग को बुझाने की कोशिश अब भी जारी है. जिस फैक्ट्री में आग लगी है उसमें प्लास्टिक दाना बनता है. राहत भरी बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हतहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
भीषण आग से अफरातफरी
फैक्ट्री में आग लगने के वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है. दमकल विभाग आग कर काबू पाने की पूरी कोशिश में जुटा हुआ है. आग की वजह से हर तरफ धुएं का गुबार फैला हुआ है और लोगों में अफरातफरी का माहौल है. बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब नरेला इंडस्ट्रियल एरिया की किसी फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है. मई महीने में भी इसी तरह का मामला सामने आया था. उस समय एक जूता फैक्ट्री में आग लग गई थी.
