नई दिल्ली, 11 सितंबर । भारत की अध्यक्षता में राजधानी दिल्ली में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर सऊदी अरब के मीडिया मंत्रालय की तरफ से राजधानी के ओबरॉय होटल में मीडिया ओएसिस का आयोजन किया गया। ‘डिस्कवर सऊदी अरबियाज़ विजन 2030’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में सऊदी अरब में चल रही विभिन्न परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है।
इस कार्यक्रम के माध्यम से सऊदी अरब के विकास और प्रगति की रूपरेखा को डिजिटल प्रेजेंटेशन के माध्यम से पेश किया गया। इसमें सऊदी अरब के सांस्कृतिक मंत्रालय और खेल मंत्रालय से जुड़ी परियोजनाओं के अलावा निवेश, अर्थव्यवस्था और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई गई। सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘नियोन सिटीः दि लैण्ड ऑफ फ्यूचर’ आदि पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया।
इस मौके पर संबंधित अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं पर मीडिया कर्मियों को प्रेजेंटेशन दिया। स्पोर्ट मंत्रालय ने फीफा क्लब विश्व कप की मेजबानी मिलने और इसकी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। सऊदी अरब फुटबॉल फेडरेशन का कहना है कि 12 दिसंबर से होने वाले इस टूर्नामेंट के मैच जेद्दा में खेले जाएंगे। इसमें बताया गया कि इस खेल के आयोजन की मेजबानी से सऊदी अरब की प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
कार्यक्रम सऊदी अरब की कई महत्वाकांक्षी योजनाओं पर अलग-अलग कियोस्क लगाए गए। इनमें स्क्रीन पर डिजिटली उभर रही तस्वीर और लिखावट द्वारा इन योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर इसके साथ ही कार्यक्रम में उर्जा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के बारे में जानकारी दी गई। यहां पर बिजली खपत को कम करने के उपकरणों को भी प्रदर्शित किया गया है। जी-20 शिखर सम्मेलन और भारत सऊदी अरब आर्थिक सहयोग पर भी यहां चर्चा की गई।
जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत के लिए नई दिल्ली आए सऊदी अरब के शहजादा मोहम्मद बिन सलमान ने 11 सितंबर को भारत की अपनी एक दिवसीय सरकारी यात्रा पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ भारत-सऊदी अरब स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप काउंसिल की पहली बैठक में हिस्सा लिया। दोनों देशों के मध्य बढ़ती रणनीतिक भागीदारी के मद्देनजर ओबरॉय होटल में आयोजित मीडिया ओएसिस कार्यक्रम में सऊदी अरब में तेजी से हो रहे बदलावों और विकास की झलक पेश करने की कोशिश की गई है। इसका एक उद्देश्य सऊदी अरब की महत्वाकांक्षी योजनाओं की तस्वीर पेश कर दुनिया को निवेश के लिए प्रेरित करना भी है।
