कांकेर (वीएनएस)। भानुप्रतापपुर चुनाव के लिए वोटिंग के दिन जमकर सियासी पारा चढ़ा। दोपहर में झारखंड हाईकोर्ट ने ब्रम्हानंद नेताम की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी। इस खबर को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सत्य की जीत बताया, लेकिन कुछ समय बाद ही भानुप्रतापपुर विधानसभा से भाजपा के प्रत्याशी ब्रह्मानंद नेताम को झारखंड पुलिस और कांकेर पुलिस मिलकर हिरासत में लेने पहुंची। ब्रह्मानंद नेताम किलेपार पोलिंग बूथ गए हुए थे, वहीं पर पुलिस पहुंची। इस घटनाक्रम के बीच बीजेपी नेता और कार्यकर्ता ब्रम्हानंद की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच खुद एसपी में चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल को बुलाकर ब्रम्हानंदर को साथ लेकर जाने का आग्रह किया। इसके बाद बृजमोहन अग्रवाल अपने प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम को व तमाम कार्यकर्ताओं के साथ लेकर वहां से रवाना हुए।
दरअसल, वोटिंग खत्म होने के तत्काल बाद बीजेपी नेता के पास पुलिस के पहुंचने से कार्यकर्ता काफी गुस्से में आकर जोरदार प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच चुनाव प्रभारी बृजमोहन अग्रवाल वहां पहुंचे। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद छत्तीसगढ़ पुलिस और झारखंड पुलिस कानून का अपमान करते हुए, न्यायालय के आदेश की अवमानना की है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ये साफ तौर पर भूपेश सरकार और झारखंड सरकार की हठधर्मिता को दर्शाता है, अपनी हार को निकट देखते हुए भूपेश सरकार का ये कदम, उनकी खीज को दर्शाता है।
विधायक अग्रवाल ने आगे यह भी कहा कि आज छत्तीसगढ़ सरकार और झारखंड सरकार दोनों पूरी तरह से बेनकाब हो गयी। पूरी जनता ने इनका असली चेहरा देख लिया है। हार के डर से भूपेश बघेल ने जिस घटिया राजनीति का प्रदर्शन किया; आज उसे पूरे छत्तीसगढ़ ने देखा है। सीएम भूपेश के षड़यंत्र को भानुप्रतापपुर की जनता ने मतदान के जरिए धराशायी कर दिया है। सत्ता का दुरुपयोग करने वाली कांग्रेस अब अपनी आखिरी सांसे गिन रही है। सरकार का यह कृत्य इन्हें जल्द ही सत्ता से उखाड़ फेंकेगा।
इसके बाद बृजमोहन अग्रवाल अपने प्रत्याशी ब्रम्हानंद नेताम को व तमाम कार्यकर्ताओं के साथ लेकर वहां से रवाना हो गए। उन्होंने अपने प्रत्याशी के साथ भानुप्रतापपुर विधानसभाओं के समस्त चुनावी कार्यालयों का दौरा भी किया। साथ ही चुनाव में लगे हुए समस्त कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जीत की हुंकार भरी।
