उपभोक्ता कार्य, खाद्य और जन वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने अमरीकी सेबों पर आयात शुल्क घटाने संबंधी केन्द्र के प्रयासों पर विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि 2019 में अमरीकी उत्पादों जैसे सेबों और कुछ अन्य ड्राई फ्रूट्स पर बीस प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगा दिया था। यह कदम इस्पात और एल्युमीनियम उत्पादों पर बढ़ते शुल्क के संरक्षणवादी उपायों के जवाब में उठाया गया था। उन्होंने बताया कि अपवाद प्रक्रिया के तहत इस्पात और एल्युमीनियम उत्पादों को बाजार की पहुंच प्रदान करने की अमरीकी सहमति के बाद भारत ने लगाए गए शुल्क को वापस ले लिया। श्री गोयल ने यह भी कहा कि अमरीकी सेबों और ड्राई फ्रूट्स पर अत्यधिक पसंदीदा राष्ट्र के लिए प्रति किलोग्राम सौ रुपये की दर लागू होगी, क्योंकि प्रति किलोग्राम बीस रुपये की दर हटा दी गई है।
