नई दिल्ली, 06 दिसंबर । कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार दूसरे दिन भी दबाव बना हुआ है। शेयर बाजार ने गिरावट के साथ आज के कारोबार की शुरुआत की और अभी भी लगातार कमजोरी बनी हुई है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक बिकवाली के दबाव का सामना करते हुए कारोबार कर रहे हैं। शुरुआती 1 घंटे के कारोबार में सेंसेक्स 0.36 प्रतिशत और निफ्टी 0.42 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अडाणी इंटरप्राइजेज, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, अडाणी पोर्ट्स और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 2.06 प्रतिशत से लेकर 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर टाटा स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, हीरो मोटोकॉर्प, एचसीएल टेक्नोलॉजी और ओएनजीसी के शेयर 1.90 प्रतिशत से लेकर 1.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 1,914 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,015 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 899 शेयर नुकसान उठाकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 9 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में और 21 शेयर बिकवाली के दबाव के कारण लाल निशान में बने हुए थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 13 शेयर हरे निशान में और 37 शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिख रहे थे।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने आज कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण 439.05 अंक की कमजोरी के साथ 62,395.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवालों और लिवालों के बीच खींचतान की स्थिति बन गई। बिकवाली के दबाव में ये सूचकांक गिरकर 62,390.07 अंक तक टूट गया। वहीं लिवाली के सपोर्ट से इसने 62,644.02 अंक तक की छलांग भी लगाई।
सुबह 10 बजे के बाद से बाजार में लिवाली और बिकवाली दोनों समान स्तर पर होती नजर आ रही है, जिसकी वजह से ये सूचकांक भी सामान्य उतार चढ़ाव के साथ आगे बढ़ रहा है। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटा का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 224.40 अंक की कमजोरी के साथ 62,610.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी आज वैश्विक दबाव की वजह से कमजोर शुरुआत की। ये सूचकांक 100.40 अंक टूटकर 18,600.65 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली के दबाव की वजह से निफ्टी गिरकर 18,577.90 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि शुरुआती 10 मिनट के कारोबार के बाद ही लिवाली का सपोर्ट मिलने से इस सूचकांक में कुछ रिकवरी होती नजर आई।
खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 10 बजे तक निफ्टी उछलकर 18,640.35 अंक तक पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से एक बार फिर ये सूचकांक लुढ़क गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे ये निफ्टी 78.55 अंक की कमजोरी के साथ 18,622.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
वैश्विक स्तर पर बने दबाव की वजह से आज प्री ओपनिंग सेशन में भी शेयर बाजार ने कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की थी। इस सेशन में बीएसई का सेंसेक्स 677.67 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,156.93 अंक के स्तर पर था। वहीं निफ्टी प्री ओपनिंग सेशन में 183.40 अंक यानी 0.94 प्रतिशत की नरमी के साथ 18,541.45 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को सेंसेक्स 33.90 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 62,834.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 4.95 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 18,701.05 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।
