प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन के मौके पर दिल्ली मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने रविवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के द्वारका सेक्टर-21 से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 मेट्रो स्टेशन तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के विस्तार का उद्घाटन किया।
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के विस्तार के साथ इस रूट पर मेट्रो 120 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से चली। यात्री अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 तक 15 मिनट 30 सेकंड में पहुंच सकेंगे। पहले 18 मिनट से अधिक समय लगता था। इसके साथ ही यात्रियों को नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 तक पहुंचने में लगभग 21 मिनट लगेंगे।
पीएम मोदी ने दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो एक्सप्रेस लाइन के विस्तार के उद्घाटन के बाद मेट्रो के निर्माण कार्यों से जुड़े कर्मचारियों से बातचीत की। उन्होंने उनके कार्यों को सराहा। उन्होंने कर्मचारियों की बात भी सुनी। वह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मेट्रो से ही पहुंचे थे। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे धौला कुआं मेट्रो स्टेशन से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 स्टेशन पहुंचे।
- कलाकृति : सब-वे की सुंदरता और समग्र सौंदर्य को बढ़ाने के लिए दीवारों पर अत्याधुनिक शीशे लगाए गए हैं।
यात्री आधे घंटे में पहुंच सकेंगे मध्य दिल्ली
मेट्रो स्टेशन के शुभारंभ के बाद यात्रियों के लिए यह लाइन दोपहर तीन बजे से संचालित हो गई। डीएमआरसी के अनुसार, इस लाइन के विस्तार से नई दिल्ली से यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 तक एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की कुल लंबाई 24.9 किलोमीटर हो गई है। स्टेशन को इस तरह से डिजाइन किया है कि लोग मेट्रो से उतरकर एक सब-वे से होते हुए सीधे कन्वेंशन सेंटर के अंदर पहुंच सकेंगे। कन्वेंशन सेंटर की सेवा के अलावा यह नया स्टेशन द्वारका के सेक्टर 25 के आसपास के निवासियों और गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ नए सेक्टरों को मेट्रो कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा। इन क्षेत्रों के निवासी लगभग आधे घंटे में मध्य दिल्ली पहुंच सकेंगे।
जन्मदिन पर मेट्रो का सफर करना पीएम मोदी के लिए बना यादगार
अपने जन्मदिन पर दिल्ली मेट्रो का सफर पीएम नरेंद्र मोदी के लिए यादगार बन गया। धौलाकुआं से द्वारका तक के सफर के दौरान पीएम उस समय अभिभूत दिखे जब साथ में यात्रा कर रही एक युवती ने संस्कृत में उन्हें जन्मदिन की शुभकामना दी। इसी सफर के दौरान महिलाओं के एक समूह ने गाना गाकर पीएम को जन्मदिन की बधाई दी।
पीएम ने इस दौरान कोच में ही बच्चों को चॉकलेट बांटने के साथ उनसे आत्मीय अंदाज में बात करते नजर आए। दरअसल पीएम ने द्वारका में दुनिया के सबसे बड़े कन्वेंशन सेंटर में से एक 2020 एकड़ में फैले यशोभूमि का उद्घाटन किया। इस क्रम में पीएम ने धौलाकुआं मेट्रो स्टेशन से द्वारका तक दिल्ली मेट्रो से यात्रा की। यात्रा के दौरान तब उत्सव का माहौल बन गया जब कोच के अंदर ही उन्हें जन्मदिन की बधाई देने वालों का तांता लग गया। सफर के दौरान एक युवती पीएम के पास बैठी नजर आई। उस युवती ने पीएम के सामने संस्कृत में शुभकामना देने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद युवती ने संस्कृत में गाने के जरिये बधाई दी।
साइकिल से चांद तक का सफर कराने के लिए धन्यवाद
एनडीएमसी स्कूल की छात्रा बसीना ने देश को साइकल से चांद तक का सफर कराने के लिए पीएम को धन्यवाद देते हुए और 74 सालों तक देश को प्रेरित करने की कामना की। अटल आदर्श विद्यालय की छात्रा लवली ने डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के लिए पीएम का आभार जताया।
बधाइयों का तांता
सफर के दौरान महिलाओं का एक समूह गाना गाते हुए पीएम के कोच में पहुंचा। महिलाओं का यह समूह हैप्पी बर्थ डे मोदी जी, तुम जियो हजारो साल ये मेरी है आरजू गाते हुए पीएम के पास पहुंचा और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
देशभर के बच्चों का उमड़ा प्यार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 74वें जन्म दिवस पर यूं तो पूरे देश ने बधाई दी, मगर स्कूली बच्चों की ओर से नमो एप पर मिली शुभकामनाएं खास रहीं। जन्म दिवस पर देशभर के स्कूली बच्चों ने पीएम को उनकी जन्मदिन की बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों की जमकर तारीफ कीं।
बधाई से जुड़े वीडियो संदेश में यूपीआई, स्टार्टअप, जी-20 की सफलता, डिजिटल इंडिया के लिए भी स्कूली बच्चों ने आभार जताया। नवयुग स्कूल, एनडीएमसी के छात्र संजीव मंडल ने वीडियो में कविता के माध्यम से पीएम को बधाई दी। उन्होंने कहा-गरीबों को दी पहचान, चंद्रमा तक पहुंचा यान, मेक इन इंडिया का जग में गान, भारत को बनाया फिर से महान, ऐसे नेता को कोटि कोटि प्रणाम। नमो एप पर हर राज्य के स्कूली बच्चों ने अलग-अलग भाषाओं में प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
‘मेट्रो लाइन के उद्घाटन में सीएम को नहीं बुलाना दुखद’
नई मेट्रो लाइन के उद्घाटन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नहीं बुलाने पर दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने कहा कि उद्घाटन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अकेले जाना और दिल्ली के मुख्यमंत्री को नहीं बुलाना दुर्भावना ग्रसित सोच को दर्शाता है, उन्हें पार्टी लाइन से ऊपर उठने की आवश्यकता है।
राजनीतिक रूप से हताश है दिल्ली सरकार : मल्होत्रा
प्रदेश भाजपा के महामंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार के मंत्री अपनी राजनीतिक हताशा निकाल रहे हैं। दिल्लीवासी यह देखकर आश्चर्यचकित हैं कि जिन लोगों ने कभी वसुधैव कुटुंबकम के सिद्धांत का पालन नहीं किया, वह यह कह रहे हैं कि मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आमंत्रित नहीं किया गया। उन्हें बताना चाहिए कि दिल्ली सरकार द्वारा वित्त पोषित किसी भी परियोजना के उद्घाटन के लिए दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष व सांसदों को क्यों नहीं बुलाया जाता।
