मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने कहा कि केजरीवाल सरकार से एमसीडी को पर्याप्त फंड मिल रहा है। अब जल्द एमसीडी की ओर से खाली पड़े पदों पर भर्तियां की जाएगी। वह दक्षिणी क्षेत्र के पुष्प विहार सेक्टर-1 स्कूल में आयोजित विज्ञान मेले में बोल रही थी। इस दौरान मेयर ने शिक्षकों को सम्मानित भी किया।इस अवसर पर मेयर ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा एक सफल विद्यार्थी के लिए एक जरूरी बुनियाद है। एमसीडी के शिक्षक छात्रों को अपनी कड़ी मेहनत से हमारी संस्कृति एवं सामाजिक मूल्यों की शिक्षा दे रहे हैं। वह स्वयं भी एक शिक्षक रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार शिक्षा पर बहुत जोर दे रही है क्योंकि उनका मानना है कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे दुनिया को बदला जा सकता है। देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाया जा सकता है। इसी क्रम में कार्य करते हुए निगम विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण के लिए आईआईएम जैसे उत्कृष्ट संस्थान में भेजा गया है।
अधिकारी और पार्षद एक दूसरे का सहयोग करें
मेयर ने पश्चिमी जोन के वार्ड 97 चौखंडी नगर और वार्ड नंबर 102 ख्याला से संबंधित मुद्दों के समाधान को लेकर पार्षदों और अधिकारियों के साथ बैठक की। इस अवसर पर मेयर ने कहा कि बैठक का उद्देश्य वार्ड के स्थानीय मुद्दों को समझना, वार्ड के पार्षदों के साथ प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करना और उनका सामूहिक रूप से हल करना है।
