काठमांडू, 26 सितम्बर । चीन दौरे पर गए नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्पकमल दाहाल प्रचण्ड ने नेपाल और भारत संबंध पर अपना नजरिया पेश किया। चीन की सरकारी न्यूज वेबसाइट ग्लोबल टाइम्स को इंटरव्यू देते हुए प्रचण्ड ने भारत के साथ नेपाल के संबंधों की व्याख्या की है।
ग्लोबल टाइम्स ने नेपाल के प्रधानमंत्री से सवाल पूछा कि अपने दोनों पड़ोसी भारत और चीन के साथ संबंधों को नेपाल किस प्रकार से देखता है? प्रधानमंत्री प्रचण्ड ने कहा कि नेपाल का भारत और चीन के साथ संबंध पंचशील सिद्धांत पर आधारित है। नेपाल अपने दोनों पड़ोसी देशों के साथ आपसी हित, आपसी सहकार्य, शान्तिपूर्ण सह अस्तित्व और अच्छे पड़ोसी जैसा संबंध रखना चाहता है। प्रचण्ड ने कहा कि नेपाल का अपने दोनों पड़ोसी देशों के साथ स्वतंत्र संबंध है। नेपाल कभी अपने पड़ोसी देश के खिलाफ कोई भी काम नहीं होने देने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रचण्ड ने कहा कि नेपाल के विकास में भारत और चीन दोनों ही देशों का महत्वपूर्ण योगदान है। नेपाल दोनों देशों के साथ बराबरी के आधार पर विकास के कामों में साझेदारी करने को हमेशा तैयार है। उन्होंने कहा कि हम दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय आधार पर अपने संबंध को विस्तार देना चाहते हैं।
नेपाल के प्रधानमंत्री ने ग्लोबल टाइम्स को यह भी कहा कि नेपाल का दोनों देशों के साथ अगर किसी मुद्दे पर विवाद या मतभेद होता है तो उस देश के साथ कूटनीतिक तरीके से समाधान का प्रयास करेगा। नेपाल अपने किसी भी पड़ोसी देश के खिलाफ अपनी भूमि के इस्तेमाल की हरगिज अनुमति नहीं दे सकता।
प्रचण्ड ने कहा कि नेपाल चाहता है कि उसके दोनों पड़ोसी देशों के बीच मधुर संबंध हो ताकि उससे नेपाल को भी फायदा हो सके। उन्होंने कहा कि मैं व्यक्तिगत रूप से भी चाहता हूं कि भारत और चीन के बीच हमेशा अच्छे संबंध रहे। दोनों देशों के बीच संबंध को अच्छा बनाने के लिए जो भी व्यक्तिगत प्रयास हो सकेगा वो मैं करने को तैयार हूं। प्रचण्ड ने कहा कि नेपाल अपने दोनों पड़ोसी देश भारत और चीन के हितों का हमेशा उच्च सम्मान करता है।
