गांधीनगर/शिमला: गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। और इसी के साथ सम्भावना है कि देर शाम तक सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जायेगा। हालाँकि रुझानों से किसका पलड़ा भारी रहेगा, ये स्थिति दोपहर तक स्पष्ट हो सकती है।
एग्जिट पोल ने गुजरात में लागातर सातवीं बार भाजपा के सत्ता में आने की संभावना जताई है। अगर भाजपा जीतती है तो वह प. बंगाल में वाममोर्चे की लगातार सात बार जीत के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेगी। वहीं, हिमाचल में भाजपा-कांग्रेस में कांटे की टक्कर बताई जा रही है।
हिमाचल में 68 सीटों पर 12 नवंबर जबकि गुजरात में 182 सीटों पर दो चरणों में 1 और 5 दिसंबर को मतदान कराया गया था। गुजरात में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। इस बार आम आदमी पार्टी ने भी गुजरात में पूरी ताकत झोंकी थी। गुजरात के नतीजे से पता चलेगा कि आप अपनी कोशिशों में कितनी कामयाब हुई है। कांग्रेस के लिए यह अस्तित्व की लड़ाई है। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं।
