चंडीगढ़, 02 अक्टूबर । पंजाब के कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी को लेकर राज्यपाल ने पुलिस महानिदेशक से जवाब तलब किया है। खैहरा को 28 सितंबर की सुबह चंडीगढ़ के सेक्टर पांच से जलालाबाद पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद एसआईटी ने उन्हें वर्ष 2015 के एक केस के मामले में गिरफ्तार किया है। इस केस में खैहरा पर नशा तस्कर की मदद करने का आरोप है। खैहरा इस समय नाभा जेल में है।
खैहरा की गिरफ्तारी के बाद पंजाब कांग्रेस के विधायकों ने राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात करके कार्रवाई की मांग की थी। कांग्रेस विधायकों का आरोप है कि सुखपाल सिंह खैहरा की गिरफ्तारी में किसी भी नियम का पालन नहीं हुआ है और उन्हें उस केस में गिरफ्तार किया गया है, जिसमें उन्हें सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल चुकी है।
कांग्रेस विधायकों की मांग पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव को एक पत्र लिखकर सुखपाल सिंह खैहरा केस की स्टेटस रिपोर्ट मांग ली है। इसके अलावा उन्होंने एसआईटी की जांच तथा खैहरा की गिरफ्तारी के आधार के बारे में भी पूछा है।
