केंद्रीय सूचना और प्रसारण तथा युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आज छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नेहरू युवा केन्द्र संगठन के आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ करेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता ने बाताया कि छत्तीसगढ़ में दो दिवसीय यह युवा उत्सव रायपुर स्थित रावतपुरा विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है। इस युवा उत्सव में छत्तीसगढ़ के अट्ठाईस जिलों से लगभग पांच सौ युवक-युवतियां भाग लेंगे। युवा उत्सव के दौरान चित्रकला, कविता, मोबाइल फोटोग्राफी, भाषण और सामूहिक नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा उत्सव में शामिल होने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमृतकाल के पंच प्रण- विकसित भारत, गुलामी की सोच से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकजुटता और नागरिक कर्तव्य पर आधारित होगा।
केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर आज अपने रायपुर प्रवास के दौरान एक अन्य कार्यक्रम में मीडिया ऐप्स का लोकार्पण भी करेंगे।
