नई दिल्ली (वीएनएस)। गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी सफलता मिली है। इस चुनाव में टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा जामनगर नॉर्थ सीट से जीत दर्जकर विधानसभा पहुंच गई हैं।
बीजेपी प्रत्याशी रिवाबा जडेजा अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के बिपेंद्रसिंह चतुरसिंह जडेजा से 40,963 के भारी अंतर से जीत गई हैं। बीजेपी को जामनगर उत्तर विधानसभा सीट पर कुल पड़े मतों के 65.5 फीसदी वोट मिले।
जीत के बाद रिवाबा जडेजा ने मीडिया से कहा कि गुजरात भाजपा के साथ था और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने मुझे एक उम्मीदवार के रूप में खुशी-खुशी स्वीकार किया, मैं उनके लिए काम करूंगी और मैं उन सभी को धन्यवाद देती हूं।यह सिर्फ मेरी नहीं बल्कि हम सभी की जीत हैं।
रिवाबा ने कहा कि गुजरात में भाजपा जिस तरह से 27 साल से सरकार में हैं और यहां पार्टी ने विकास के मॉडल स्थापित किया है। हम लोग भी विकास को साथ लेकर ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। ।
रिवाबा भाजपा से पहले करणी सेना की सदस्य रह चुकी हैं। उन्हें 2018 में करणी सेना के महिला विंग का अध्यक्ष बनाया गया था। रिवाबा को इस सीट से उतारने के लिए बीजेपी ने विधायक धर्मेंद्रसिंह एम जडेजा का टिकट काट दिया था। अब रिवाबा जडेजा ने इस सीट पर जीत दर्ज कर पार्टी के फैसले को सही साबित कर दिया है।
बता दें कि रवींद्र जडेजा की बहन नैना जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। वह अपने क्षेत्र में काफी एक्टिव रहती हैं। 2019 में रिवाबा के बीजेपी में शामिल होने के बाद नैना ने कांग्रेस का दामन थाम लिया था। अलग-अलग राजनीतिक पार्टी में शामिल ननद-भाभी के बीच नोकझोंक की खबरें भी अक्सर सामने आती रही हैं।
