दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार खराब हो रहा है। इसी बीच पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सरकार प्रदूषण से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी समस्या से निपटने के लिए विंटर एक्शन प्लान भी तैयार है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर 300 पार कर चुका है। सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण बढ़ेगा। मंत्री ने कहा, इससे निपटने के लिए पटाखों पर प्रतिबंध लगाया गया है। साथ ही जनता से सहयोग की अपील की है।
राय ने कहा, जाम के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों को पुलिस बल बढ़ाने का निर्देश दिया है। दिल्ली में भारी ट्रैफिक जाम के तहत 91 प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री के साथ हुई बैठक के बारे में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा से आने वाली बसों से प्रदूषण में वृद्धि होती है। उन्होंने मांग रखी कि दिल्ली की तरह पड़ोसी राज्यों में सीएनजी या इलेक्ट्रिक बसें आनी चाहिए। गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में मौजूद 13 के अलावा आठ और प्रदूषण हॉटस्पॉट की पहचान की गई है। इसकी रोकथाम के लिए एक विशेष टीम बनाई जाएगी।
सर्द हवाओं से गिरा पारा, आज से हवाओं के रुख में होगा बदलाव
मौसम में बदलाव के बाद दिल्ली-एनसीआर में बुधवार से पारा गिर सकता है। सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। मंगलवार को मध्यम स्तर पर उत्तरी दिशाओं से चली हल्की हवाओं से कुछ राहत मिली। हालांकि बुधवार से हवाओं की दिशाएं बदलकर उत्तर-पश्चिम हो सकती है, ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण पारा गिरेगा। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से मौसमी बदलाव के कारण दिल्ली का न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के करीब बना हुआ है। सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस हो रही।
अनुकूल मौसम से सुधरी दिल्ली-एनसीआर की हवा
दिल्ली-एनसीआर में रहे अनुकूल मौसम से प्रदूषण के स्तर में सुधार देखा गया। मंगलवार को उत्तर-उत्तर पूर्व दिशाओं से मुख्य सतही हवाएं आठ किमी प्रतिघंटे की गति से चलीं।
दिन में धूप खिलने से मौसम कुछ गर्म हुआ, जिस कारण दिल्ली के प्रदूषण सूचकांक में 43 अंकों की कमी दर्ज की गई। सोमवार को दिल्ली में प्रदूषण सूचकांक 263 रहा था, जो मंगलवार को घटकर 220 पर पहुंच गया। वहीं, विजयदशमी पर जमकर पटाखे का इस्तेमाल हुआ। सैकड़ो जगह पर जलाए गए रावण में पटाखे लगाए गए थे जबकि दिल्ली में पटाखों का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसे में आशंका है कि बुधवार को दिल्ली का प्रदूषण स्तर खतरनाक स्तर में पहुंच सकता है। भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में मौसमी सुधार के कारण प्रदूषण के स्तर में गिरावट आई। हालांकि बुधवार को हवाओं की दिशाएं बदलकर उत्तर-पश्चिम हो जाएगी। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बर्फली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट होगी।
मेट्रो के आज से बढ़ जाएंगे फेरे
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के स्तर को देखते हुए दिल्ली मेट्रो बुधवार से सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक फेरे लगाएगी। दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। रोजाना यात्रियाें का आंकड़ा भी बढ़कर 67 लाख को पार कर चुका है। मौजूदा समय में स्थिति यह है कि सुबह-शाम व्यस्त समय में मेट्रो में भारी भीड़ हो रही है। इस वजह से यात्रियों को मेट्रो में जगह नहीं मिल पाती। ऐसे में मेट्रो के फेरे बढ़ाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है। दिल्ली मेट्रो बुधवार से अपने नेटवर्क पर कार्यदिवसों (सोमवार-शुक्रवार) पर 40 अतिरिक्त ट्रेन यात्राएं चलाएगी। येलो लाइन, ब्लू व रेड लाइन दिल्ली मेट्रो का सबसे व्यस्त कॉरिडोर है। मेट्रो प्रतिदिन 4200 फेरे लगा रही है।
दिल्ली सरकार प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में गंभीर नहीं : सचदेवा
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार प्रदूषण के खिलाफ लड़ाई में गंभीर नहीं दिख रही है। सरकार के पास प्रदूषण और उसके कारणों पर कोई शोध रिपोर्ट नहीं है और ग्रैप के चरणों का कार्यान्वयन भी वैज्ञानिक रूप से आधारित नहीं लगता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार को ग्रैप के नियमों को गंभीरता से लागू करना चाहिए, क्योंकि लोगों को प्रदूषण से बचाने के साथ-साथ यह भी सुनिश्चित करना होगा कि आर्थिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
