मुंबई। NCP प्रमुख शरद पवार पर पीएम मोदी द्वारा की गई टिप्पणी को लेकर अब शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने हमला बोला है। उन्होंने पीएम मोदी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या प्रधानमंत्री भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं।
संजय राउत ने साधा पीएम मोदी पर निशाना
संजय राउत ने कहा कि पीएम मोदी जी ने क्या किया। शरद पवार 10 साल तक कृषि मंत्री रहे। वह केवल कृषि मंत्री नहीं थे, वे एक विशेषज्ञ थे। वह कृषि क्रांति के लिए जाने जाते हैं। इस क्षेत्र की गंभीरता का इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीजेपी ने कृषि मंत्री को विधानसभा चुनाव में टिकट दे दिया।
राउत ने आगे कहा कि शरद पवार ने यह पद अपने दम पर हासिल किया था। पीएम केयर फंड बनाना कोई बड़ा काम नहीं है, लेकिन उन्होंने अपने एनजीओ के माध्यम से लोगों की मदद की है। इसके साथ ही उन्होंने अजित पवार पर भी निशाना साधा।
बालासाहेब ठाकरे का भी कर सकते हैं अपमान- संजय राउत
शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि आज पीएम मोदी महाराष्ट्र आकर शरद पवार की आलोचना कर रहे हैं। कल वह बालासाहेब ठाकरे का भी अपमान करेंगे। मोदी और बीजेपी केवल लोगों का इस्तेमाल करना जानते हैं। उन्होंने अटल और आडवाणी का भी सम्मान नहीं किया। उन्होंने आगे कहा कि जब पीएम ने महाराष्ट्र का दौरा किया था तो उन्होंने किसानों की आत्महत्या समेत कई मुद्दों पर कुछ भी नहीं बोला, क्योंकि उनका मकसद महाराष्ट्र आकर राज्य के नेता को बदनाम करना था।
