नई दिल्ली, 01 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि एशियाई पैरा खेलों में उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीटों की उपलब्धियां उनके समर्पण और असाधारण कौशल को रेखांकित करती हैं।
प्रधानमंत्री मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में भारत के एशियाई पैरा गेम्स दल को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने एशियाई पैरा खेलों में अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले भारतीय एथलीटों के साथ बातचीत भी की।
उल्लेखनीय है कि भारत ने एशियाई पैरा गेम्स 2022 में 29 स्वर्ण पदक सहित कुल 111 पदक जीते हैं। एशियाई पैरा गेम्स 2022 में जीते गए पदकों की कुल संख्या दरअसल पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (वर्ष 2018 में) की तुलना में 54 प्रतिशत अधिक है, और जीते गए 29 स्वर्ण पदकों की संख्या वर्ष 2018 में जीते गए स्वर्ण पदकों की संख्या् से लगभग दोगुनी है।
