नई दिल्ली, 7 नवंबर । राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सोमवार को केरल में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ दर्ज मामले में आरोपित साहिर केवी के खिलाफ एक पूरक आरोप पत्र दायर किया है। 16 मई, 2023 को पट्टांबी, पलक्कड़ के निवासी और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के पट्टांबी क्षेत्र सचिव साहिर केवी को एनआईए की एस्कॉन्डर ट्रैकिंग टीम ने पकड़ा था।
16 अप्रैल, 2022 को श्रीनिवासन की हत्या के बाद से से ही केवी फरार था। वह आतंकवादी घटना के लिए जिम्मेदार पीएफआई असॉल्ट टीम का अभिन्न अंग था। साहिर केवी को अब गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूए(पी)ए) और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत कई आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। एनआईए ने इस मामले में शामिल 59 आरोपितों के खिलाफ 17 मार्च, 2023 को एक व्यापक आरोप पत्र दायर किया था। आपराधिक साजिश की जांच के लिए एनआईए द्वारा सितंबर 2022 में मामला दर्ज किया गया था। एनआईए इस मामले में फरार 10 आरोपितों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत है।
