आम आदमी पार्टी तथाकथित शराब घोटालेे में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की आशंका के मद्देनजर शुक्रवार से राजधानी में ‘मैं भी केजरीवाल’ हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगी। आगामी 20 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में जनता से पूछा जाएगा कि केजरीवाल को गिरफ्तार किए जाने पर उनको इस्तीफा देना चाहिए या जेल से ही दिल्ली सरकार चलानी चाहिए?
आप के प्रदेश संयोजक एवं दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय और राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को पार्टी मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हस्ताक्षर अभियान में सरकार के मंत्री, पार्टी के विधायक, पार्षद और पदाधिकारी 2600 पोलिंग स्टेशनों में घर-घर जाएंगे और लोगों से चर्चा कर उनकी राय जानेंगे। इसके अलावा 21 से 24 दिसंबर तक विधायक और पार्षद सभी वार्डों में जनसंवाद करके जनता की राय लेंगे। इस संबंध में मंडल स्तर पर टीमों का गठन किया जा रहा है।
