चार राज्यों- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभा चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रही है। डाक मतपत्रों की गिनती पहले की गई।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि भाजपा राज्य में सरकार बनाएगी। रायपुर में संवाददाता से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोगों ने भूपेश बघेल सरकार को खारिज कर दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वायदों पर भरोसा किया है। श्री रमन सिंह ने कहा है महिलाओं और किसानों ने भाजपा को समर्थन दिया है।
भाजपा के सत्ता में आने की स्थिति में अगली सरकार में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर श्री सिंह ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी के आदेश का पालन करेंगे।
तेलंगाना में सभी एक सौ 19 विधानसभा सीटों के रूझान आ गये हैं। कांग्रेस 68 सीटों पर आगे है। भारतीय जनता पार्टी ने 9 सीटों पर बढ़त बना रखी है। भारत राष्ट्र समिति 37 सीट पर आगे चल रही है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी ने भी 4 सीट पर बढ़त ले रखी है।
अन्य ने एक सीट पर बढ़त बना रखी है। मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव गजवेल सीट पर आगे चल रहे हैं। कोंडगल सीट से ए. रेवंत रेड्डी आगे चल रहे हैं। करीमनगर से भाजपा के बंदी संजय कुमार पीछे चल रहे हैं। कामारेड्डी सीट पर ई. राजेन्द्र आगे चल रहे हैं। जुबली हिल्स से कांग्रेस के मो. अजहरूद्दीन आगे चल रहे हैं। चंद्रयान गुट्टा सीट से एआईएमआईएम के अकबरूद्दीन ओवैशी आगे चल रहे हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित छह मंत्री पीछे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह राजनंदगांव सीट से पीछे चल रहे हैं। कांग्रेस के टीएस सिहं देव अंबिकापुर सीट पर आगे चल रहे हैं। रामनुजगंज से कुंकरी से भाजपा के विष्णुदेव शाही आगे चल रहे हैं।
मध्य प्रदेश में सभी 230 सीटों के लिए एक ही चरण में 17 नवम्बर को मतदान हुआ था। सभी 230 सीटों के रूझान उपलब्ध हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 156 सीटों पर आगे हैं और कांग्रेस 71 और अन्य 3 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान बुधनी निर्वाचन क्षेत्र से 13 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और फग्गन सिंह कुलस्ते भी अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के कमलनाथ, जीतू पटवारी और जयवर्धन सिंह भी आगे हैं।
राजस्थान में कुल 200 में से एक सौ 99 सीटों के लिए 25 नवम्बर को वोट डाले गए थे। श्रीगंगा नगर के करणपुर सीट के लिए मतदान कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह के निधन के कारण स्थगित कर दिया गया था। सभी 199 सीटों के रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी 106 सीटों पर और सत्तारूढ़ कांग्रेस 71 सीटों पर और अन्य 22 सीटों पर आगे हैं।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार राज्यवर्धन सिंह राठौर जोटवाड़ा विधानसभा सीट पर आगे हैं।
