विपक्षी गठबंधन इंडिया के घटक दलों की बैठक से एक दिन पहले सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यहां पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी और शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष व महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। ये दोनों नेता इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने आए हैं।
ममता बनर्जी के साथ उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के साउथ एवेन्यू स्थित आवास पर करीब पौन घंटे तक मुलाकात चली। बैठक से निकले समय केजरीवाल ने कोई टिप्पणी नहीं की। इसके बाद केजरीवाल ने अपने आवास पर शिवसेना नेता उद्धव के अलावा आदित्य ठाकरे, संजय राउत और प्रियंका चतुर्वेदी के साथ बैठक की।
बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ममता बनर्जी के साथ शिष्टाचार भेंट में देश के राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर शिवसेना नेताओं के साथ बैठक की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, उन्हें अपने आवास पर इन नेताओं की मेजबानी करने का सौभाग्य मिला है।
अगले साल लोकसभा चुनाव की तैयारियों और रणनीति बनाने के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया की बैठक आज दिल्ली के अशोका होटल में होगी। सीट बंटवारा, न्यूनतम साझा कार्यक्रम, हाल के विधानसभा चुनावों में झटके के बाद भाजपा से मुकाबला करने के लिए संयुक्त रणनीति गठबंधन के सामने मुख्य चुनौतियां हैं। बैठक में इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है।
इंडिया गठबंधन के घटक दलों के तमाम बड़े नेता बैठक में भाग लेने के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। सोमवार को दिल्ली पहुंचने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इंडिया गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला 2024 के चुनावों के बाद किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा को हराने के लिए गठबंधन सीट-बंटवारे समेत सभी मुद्दों को सुलझा लेगा।
