बेगूसराय, 13 दिसम्बर। अयोध्या प्रसाद सिंह स्मारक महाविद्यालय बरौनी के तत्वावधान में ललित नारायण मिथिला विश्वविधालय के अंतर महाविद्यालय (पुरुष-महिला) ताइक्वांडो सलेक्शन प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ बरौनी रेल न्यायधीश रंजीता सिन्हा श्रीवास्तव, रेल डीएसपी गौरव पांडेय, प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश कुमार, वरिष्ठ प्राध्यापक सुशील कुमार, जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सह प्रशिक्षक नंदु कुमार एवं बरौनी ताइक्वांडो क्लब अध्यक्ष संजय सिंह ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर रेल न्यायधीश रंजीता सिन्हा श्रीवास्तव ने कहा कि भाग ले रहे खिलाडी काफी ऊर्जावान हैं। पूर्ण विश्वास है कि अमृतसर में होने वाले ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में खिलाडी मेडल देकर कॉलेज का नाम रौशन करेंगे। रेल डीएसपी गौरव पांडेय ने कहा कि निरंतर अभ्यास से ही कामयाबी हासिल की जा सकती है।
प्रतियोगिता में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के दस महाविद्यालयों के करीब एक सौ प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसका संचालन तकनीकी अधिकारी अमित कुमार, रुपेश कुमार, मो. फुरकान, जयशंकर चौधरी, अनिल कुमार तांती, मणिकांत एवं नीरज आदि ने किया। मंच का संचालन महाविद्यालय के हिंदी विभाग के प्राध्यापक डॉ. नंदकिशोर पंडित एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्राध्यापक सुशील कुमार ने किया।
