उद्योग जगत ने वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन में गुजरात में दो लाख 38 हजार करोड रुपये से अधिक के निवेश की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन ने 35 हजार करोड रुपये के निवेश से गुजरात में दूसरी कार निर्माण इकाई स्थापित करने का वादा किया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने दक्षिण गुजरात के हाजिरा में भारत की पहली कार्बन फाइबर इकाई स्थापित करने की बात कही। श्री अंबानी ने कहा कि रिलायंस ने पिछले दस वर्ष में भारत में बारह लाख करोड़ रुपये निवेश किए हैं जिनमें से करीब चार लाख करोड़ रुपये गुजरात में निवेश किए गए। उन्होंने कहा कि रिलायंस जिओ के तहत गुजरात में पूरी तरह 5जी नेटवर्क उपलब्ध है।
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने गुजरात में दो लाख करोड रुपये निवेश करने का वादा किया है। इससे अगले पांच वर्ष में एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि कच्छ के खावडा में विश्व का सबसे बड़ा ग्रीन ऊर्जा पार्क अडानी समूह ही बना रहा है। इससे तीस गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा उत्पन्न होगी।
टाटा सन्स के चेयरमैन एन. चन्द्रसेखरन ने राज्य में इसी वर्ष सेमिकंडटर फैब फैसिलिटी स्थापित करने की बात कही। आर्सेलर मित्तल के कार्यपालक चेयरमैन लक्ष्मी मित्तल ने कहा कि हाजिरा में कंपनी के निवेश से इस्पात उत्पादन क्षमता बढ़कर 2029 तक 2 करोड़ 40 लाख टन प्रतिवर्ष हो जाएगी।
