दिल्ली। हेरोइन तस्करी के केसों में बड़े-बड़े केस बनाने वाली डी.आर.आई. (डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) ने एक लंबी ब्रेक के बाद फिर से हेरोइन तस्करों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एडिशनल कमिश्नर नीतिन सैनी के निर्देशानुसार डी.आर.आई. की टीम ने स्थानीय सौ फुटी रोड पर हेरोइन की डिलीवरी करने जा रहे एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है, जिसके कब्जे से 264 ग्राम हैरोइन मिली है।
इसकी अंतर्राष्ट्रीय मार्कीट में कीमत 1.80 करोड़ रुपए के लगभग मानी जा रही है।डी.आर.आई. की इस कार्रवाई से पुलिस थाना बी-डिवीजन की लापरवाही भी सामने आ गई है, क्योंकि सौ फुटी रोड का इलाका पुलिस थाना बी डिवीजन के इलाके में आता है और यह रोड एक व्यस्त रोड है।
वहीं डी.आर.आई. की टीम ने गिरफ्तार किए गए तस्कर के अन्य साथियों की तलाश में भी छापेमारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में हेरोइन तस्करी के एक बड़े गैंग का पर्दाफाश होने की पूरी संभावना है।
पकड़े गए तस्कर ने खुलासा किया है कि उसने हेरोइन की खेप को पाकिस्तान से मंगवाया था। जिस तस्कर ने बॉर्डर पार से खेप को मंगवाया है, उसकी गिरफ्तारी के लिए भी विभाग की तरफ से छापेमारी की जा रही है।
वहीं डी.आर.आई. की इस कार्रवाई से यह भी साबित हो चुका है कि बॉर्डर पर अभी भी हेरोइन की सप्लाई बादस्तूर जारी है और सरहद पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन आसानी के साथ तस्करों तक पहुंच रही है और तस्कर हेरोइन को शहरों में सप्लाई कर रहे हैं।
