नई दिल्ली: मार्च के शुरुआती तीन दिनों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम खुशनुमा बना हुआ है। तापमान एक बार फिर कम हो गए हैं। अब बारिश की संभावना नहीं हैं। इसकी वजह से धूप की तपिश बढ़ेगी और दो दिन बाद तापमान बढ़ना शुरू हो जाएंगे। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब गर्मी के मौसम की तैयारियां लोगों को कर लेनी चाहिए। अधिकतम तापमान अगले छह से सात दिनों में 30 डिग्री से ऊपर पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक रह सकता है। इसके बाद 5 और 6 मार्च को आंशिक बादल रहेंगे। अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री तक रह सकता है। 7 और 8 मार्च को आसमान साफ रहेगा। धूप की तपिश बढ़ेगी। अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री तक रह सकता है।
वहीं 9 मार्च को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिलेंगे। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री तक रह सकता है। स्काईमेट के अनुसार दिल्ली एनसीआर में कई जगहों पर बौछारें और हल्की बारिश हुई। कुछ जगहों पर इस दौरान अच्छी खासी बारिश भी हुई। सोमवार सुबह भी हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार को दिन के दौरान आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की धूप निकलने की संभावना है।
तापमान में गिरावट
रविवार की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई। राजधानी में कई जगहों पर रात से ही बूंदाबांदी होना शुरू हो गई थी। इसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री रहा। यह सामान्य है। वहीं हवा में नमी का स्तर 48 से 100 प्रतिशत तक रहा। मार्च के तीन दिनों में सफदरजंग में 4.2 एमएम, पालम में 5.8 एमएम, लोदी रोड में 3.7 एमएम, रिज में 9.6 एमएम, आया नगर में 5.5 एमएम बारिश हुई। मार्च के पूरे महीने में सामान्य तौर पर 17.5 एमएम बारिश होती है।
पीतमपुरा, भारत मंडपम् में सबसे ज्यादा बारिश
3 मार्च की रात पीतमपुरा, राजघाट और भारत मंडपम् में सबसे अधिक बारिश हुई। पीतमपुरा में 22 एमएम, पूसा में 10 एमएम, प्रगति मैदान में 28.5 एमएम बारिश हुई। यह बारिश मार्च के पूरे महीने में होने वाली बारिश से अधिक है। अब लंबे समय तक मौसम शुष्क रहेगा। मार्च के मध्य तक बारिश की संभावना नहीं दिख रही है।
