बेगूसराय, 19 दिसम्बर। आंध्र प्रदेश में 21 से 23 दिसम्बर तक आयोजित राष्ट्रीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में बेगूसराय के तीन खिलाड़ी अपने दांव का प्रदर्शन करेंगे। विशाखापट्टनम में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सोमवार को तीनों खिलाड़ी बिहार टीम के साथ रवाना हो गए।
जिला कुश्ती संघ के सचिव सह एनआईएस कोच कुंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि 24 अक्टूबर को छपरा में हुई सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता में बेगूसराय की टीम ने भाग लिया था। जिसमें बेगूसराय के खिलाड़ी गोल्ड मेडल प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। उक्त प्रतियोगिता में बेगूसराय के भगवानपुर जोकिया निवासी प्रभंजन राय की पुत्री जूही कुमारी ने फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक तथा बीहट निवासी कृष्ण नंदन यादव के पुत्र हीरा कुमार यादव एवं मोती कुमार यादव ने ग्रीको रोमन स्टाइल में स्वर्ण पदक प्राप्त किया था।
इसके बाद आज यह तीनों बिहार टीम के साथ आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के लिए रवाना हुए। राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता के लिए एक साथ तीन खिलाड़ी का चयन होने पर मुख्य संरक्षक डॉ. सुरेश प्रसाद राय, संजय सिंह, डॉ. रंजन चौधरी, डॉ. विक्रांत भास्कर, विनय कुमार सिंह आदि ने बधाई एवं जीत की अग्रिम शुभकामना दिया है।
