रांची, 20 दिसम्बर। चुटिया थाना क्षेत्र के मां गायत्री सोसाइटी कॉलोनी में दारोगा नवीन कुमार के घर हुई चोरी मामले में पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी बंगाल से हुई है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि रांची से एक चोर के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि दरोगा नवीन कुमार के घर चोरी करने वाले चोर बंगाल भाग गया है। वह बंगाल का ही रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए रांची पुलिस की एक टीम देर रात बंगाल पहुंची और अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि चुटिया थाना क्षेत्र के मां गायत्री सोसाइटी कॉलोनी में दारोगा नवीन कुमार के घर से 16 दिसम्बर की दोपहर में 16 लाख के जेवरात, आठ लाख रुपए नगद और नाइन एमएम का सरकारी पिस्टल और गोली चोर लेकर फरार हो गए थे।
