भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र और रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर के संयुक्त तत्वाधान में, सेल खेल मेला-2024 का समापन एवं पुरस्कार वितरण भिलाई इस्पात संयंत्र के मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं एवं सीएसआर जितेन्द्र यादव सपकाले के मुख्य आतिथ्य में एवं ब्रह्मचारी प्रशिक्षण केंद्र, बेलूड़ मठ के आचार्य पूज्य स्वामी पूर्णानंद जी महाराज की अध्यक्षता में 30 मार्च को सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मुख्य महाप्रबंधक नगर सेवाएं एवं सीएसआर सपकाले ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए उन्हें उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। सेल खेल मेला 2024 में वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, तीरंदाजी, खो-खो आदि खेलों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जे वाइ सपकाले द्वारा विजेता टीमों व खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया। रामकृष्ण मिषन को ओवलऑल चैम्पियनशिप के खिताब से नवाजा गया।
इसके साथ ही फुटबॉल प्रतियोगिता में नारायणपुर विजेता रहा। खो खो में बालक एवं बालिका दोनों वर्ग में रामकृष्ण मिशन की टीम विजेता रही और बालक वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छेरीबेड़ा और बालिका वर्ग में माँ सारदा विद्यामन्दिर, ओरछा उपविजेता रही। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बालक वर्ग में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छेरीबेड़ा विजेता और रामकृष्ण मिशन उप विजेता रहा। बालिका वर्ग में रामकृष्ण मिशन विजेता और कस्तूरबा गांधी विद्यालय, सूलेंगा उपविजेता रही। एथेलेटिक प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छेरीबेड़ा ओवरआल चैम्पियन रही।
विशिष्ट अतिथि के रूप में भिलाई इस्पात संयंत्र के महाप्रबंधक खदान अनुपम बिष्ट, वरिष्ठ प्रबंधक सीएसआर सुशील कामड़े, जैकी कश्यप, स्वामी कृष्णामृतानन्द, स्वामी मुक्त्यानन्द, स्वामी प्रणतपालानन्द एवं ब्रह्मचारीगण उपस्थित थे। इसके साथ ही आश्रम के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित अन्य कर्मचारिवृन्द तथा लगभग 1400 बच्चों ने इस खेल मेला में शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखायी। कार्यक्रम में स्वागत भाषण रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानन्द जी महाराज ने दिया एवं विवेकानंद विद्यापीठ के प्राचार्य स्वामी कृष्णामृतानन्द ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय सेल खेल मेला 2024 का उद्घाटन 27 मार्च 2024 को किया गया। 17वें वर्ष आयोजित इस भव्य खेल मेले में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभाओं की अभिव्यक्ति दी। बच्चों की खेल प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने और उन्हें आगे बढऩे हेतु प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष खेल मेला का आयोजन किया जाता है।
