अब तक के इतिहास पर नजर डालें तो कांग्रेस के सज्जन कुमार के नाम युवा व भाजपा के केएल शर्मा के नाम बुजुर्ग सांसद बनने का रिकार्ड है। वर्ष 1980 में 35 साल की उम्र में सज्जन कुमार सांसद चुने गए थे। वहीं, वर्ष 1998 में 73 वर्ष की आयु में केएल शर्मा सांसद बने थे।
लोकसभा चुनाव में दिल्ली में इस बार सबसे युवा व सबसे बुजुर्ग प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार सबसे कम व चांदनी चौक क्षेत्र से कांग्रेस के जयप्रकाश अग्रवाल सबसे अधिक उम्र में भाग्य अजमा रहे हैं। अब तक के इतिहास पर नजर डालें तो कांग्रेस के सज्जन कुमार के नाम युवा व भाजपा के केएल शर्मा के नाम बुजुर्ग सांसद बनने का रिकार्ड है। वर्ष 1980 में 35 साल की उम्र में सज्जन कुमार सांसद चुने गए थे। वहीं, वर्ष 1998 में 73 वर्ष की आयु में केएल शर्मा सांसद बने थे।
दिल्ली में वर्ष 1980 से पहले सबसे कम उम्र में सांसद बनने का रिकार्ड दिल्ली के प्रथम मुख्यमंत्री चौ. ब्रह्मप्रकाश के नाम दर्ज था। वह 39 वर्ष की आयु में वर्ष 1957 में दिल्ली सदर क्षेत्र से सांसद बने थे। मगर वर्ष 1980 में कांग्रेस के सज्जन कुमार ने 35 वर्ष की आयु में बाहरी दिल्ली में चौ. ब्रह्मप्रकाश को ही हराकर उनके रिकार्ड को तोड़ दिया। इस बार पूर्वी दिल्ली से आप के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कुलदीप कुमार की आयु 34 वर्ष है। यदि वह जीतने में सफल रहे तो सज्जन कुमार का सबसे युवा सांसद बनने का 44 साल पुराना रिकॉर्ड टूट जाएगा।
10 साल पहलेे भी यह दोनों रिकॉर्ड टूटने के थे आसार
वर्ष 2014 में भी दिल्ली में युवा व बुजुर्ग सांसद बनने का रिकॉर्ड टूटने के आसार बने थे। मगर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार राखी बिड़लान व राजमोहन गांधी यह रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके थे। उस चुनाव में राखी की आयु मात्र 27 वर्ष थी।
उन्होंने उत्तर पश्चिम दिल्ली क्षेत्र से आप के टिकट पर चुनाव लड़ा था। संंभवत: इससे पहले इतनी कम आयु के नेता को दिल्ली में किसी भी पार्टी ने टिकट नहीं दिया था। वहीं, पूर्वी दिल्ली क्षेत्र से राजमोहन गांधी ने 76 वर्ष की आयु में पहली बार संसद तक पहुंचने का प्रयास किया था।
