वेलिंगटन, 21 दिसंबर । अमेरिकी दिग्गज महिला टेनिस खिलाड़ी वीनस विलियम्स ने ऑस्ट्रेलियन ओपन और ऑकलैंड डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट दोनों के मुख्य ड्रॉ में खेलने के लिए वाइल्डकार्ड स्वीकार कर लिया है। बुधवार को इसकी घोषणा की गई।
सात बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन, जिन्होंने आखिरी बार सितंबर में यूएस ओपन में अपनी बहन सेरेना के साथ युगल वर्ग में हिस्सा लिया था, 16 जनवरी से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलियन ओपन से पहले ऑकलैंड में कोर्ट पर उतरेंगी।
यह मेलबर्न पार्क में वीनस विलियम्स की 22वीं उपस्थिति होगी, जहां उन्होंने 25 साल पहले पदार्पण किया था और 2003 और 2017 में फाइनल में पहुंची थीं। उन्होंने आखिरी बार 2021 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में हिस्सा लिया था, जहां उन्हें दूसरे दौर में बाहर होना पड़ा था।
विलियम्स ने एक बयान में कहा, “ऑस्ट्रेलियाई ओपन के लिए मेलबर्न लौटने को लेकर मैं बहुत उत्साहित हूं। मैं 20 से अधिक वर्षों से इस टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा कर रही हूं और उम्मीद है कि इस साल यह टूर्नामेंट मेरे लिए और अधिक यादगार होगा।”
डब्ल्यूटीए टूर्नामेंट को लेकर विलियम्स ने कहा, “मैं ऑकलैंड में सीजन का अपना पहला टूर्नामेंट खेलने के लिए उत्सुक हूं।”
2015 में इस टूर्नामेंट को जीतने वाली वीनस ने कहा, “टूर्नामेंट और प्रशंसक हमेशा मेरा स्वागत करते हैं, और मैं जनवरी में वहां प्रतिस्पर्धा करने के लिए उत्साहित हूं।”
वीनल विलियम्स ने अपने करियर में 49 खिताब जीते हैं, जिसमें पांच बार विंबलडन और दो बार यूएस ओपन शामिल है।
