दर्शक इन दिनों सिनेमाघरों में जाना पसंद नहीं कर रहे हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई इस बात का सबूत है। बॉलीवुड का जादू एक बार फिर दर्शकों के सिर से उतरता नजर आ रहा है। हालांकि, वीकएंड में फिल्मों की कमाई में उछाल देखने को मिलता है। इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्में राजकुमार राव की ‘श्रीकांत’ और हॉलीवुड फिल्म ‘किंगडम ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’ लगी हुई है, जो दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं। आइए जानते हैं कि शुक्रवार को किस फिल्म का कैसा प्रदर्शन रहा है।
अभिनेता राजकुमार राव अपनी फिल्म ‘श्रीकांत’ को लेकर काफी चर्चा में चल रहे हैं। कमाई को देखकर ऐसा लग रहा है कि राजकुमार की यह फिल्म एक बार फिर फ्लॉप की लिस्ट में शामिल होने वाली है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। फिल्म में राजकुमार ने फिल्म में श्रीकांत बोला का किरदार निभाया है।
फिल्म की कमाई की बात करें ताजा आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने आठवें दिन एक करोड़ पांच लाख का बिजनेस किया है, इसी के साथ ही फिल्म कुल कलेक्शन 18.9 करोड़ रुपये हो गया है। हालांकि, वीकएंड में फिल्म की कमाई में उछाल देखने को मिल सकता है।
हॉलीवुड फिल्म ‘किंगडम ऑफ द प्लैनेट ऑफ द एप्स’ भी सिनेमाघरों में लगी हुई है। यह फिल्म भारतीय दर्शकों को काफी पसंद आ रही है। फिल्म के आने के बाद श्रीकांत की कमाई में भी गिरावट देखने को मिल रही थी। इस फिल्म को भारत में डिज्नी इंडिया ने रिलीज किया है।
इस फिल्म के आने के बाद बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड के तीन बंदर अन्य फिल्मों पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं। ताजा आंकड़ो के मुताबिक आठवें दिन फिल्म ने 43 लाख रुपये की कमाई की है, फिल्म का कुल कलेक्शन अब 19.28 करोड़ रुपये हो गया है।
