दिल्ली मेट्रो के पिलर से गिरने वाले पानी पर डीएमआरसी को एनजीटी की ओर से नोटिस जारी हुआ है। जिसके बाद अब 13 सितंबर तक रिपोर्ट जमा करनी होगी। बारिश के पानी की बर्बादी के मामले में यह आदेश एनजीटी ने पूरे देश की मेट्रो कंपनियों को दिया।
पूरे देश में मेट्रो लाइन पर बारिश के बेशकीमती पानी के संरक्षण के लिए जरूरी उपाय करने का आदेश एनजीटी ने दिया है। दिल्ली मेट्रो की लाइनों पर बारिश के पानी की बर्बादी के मामले में यह आदेश एनजीटी ने पूरे देश की मेट्रो कंपनियों को दिया है। वहीं दिल्ली मेट्राे ने 31 अगस्त तक सभी वर्षा जल संचयन के लिए बने पिट को उपयोगी बना देने के लिए कहा है।
एनजीटी में याची हरपाल सिंह राना ने शिकायत की कि दिल्ली में कई जगह मेट्रो बारिश के पानी को अपने पिलर्स के पास चार इंच चौड़े पाइप से गिराती है। इससे जहां बारिश का पानी सड़क पर फैलता है, वहीं इससे पानी की बर्बादी भी होती है। कई बार यह ट्रैफिक जाम, सड़क टूटने और दुर्घटना की भी वजह बनता है। इस शिकायत की जांच के लिए एनजीटी ने संयुक्त जांच समिति बनाई।
