23.6 किलोमीटर लंबे एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर के भूमिगत हिस्सों पर काम जारी है। यह कॉरिडोर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन को वॉयलेट लाइन से जोड़ेगा। इसमें 15 स्टेशन होंगे जिसमें 4 एलिवेटेड व 11 भूमिगत होंगे।
दक्षिण दिल्ली में तुगलकाबाद को मेट्रो हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके लिए मेट्रो के फेज-4 के तहत गोल्डन लाइन तुगलकाबाद-एयरोसिटी के निर्माणाधीन भूमिगत मेट्रो स्टेशन को मौजूदा वॉयलेट लाइन के एलिवेटेड स्टेशन से जोड़ा जाएगा। इससे दक्षिण दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम के यात्रियों का आईजीआई एयरपोर्ट तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।
यात्रियों की सहूलियत के लिए तुगलकाबाद, छतरपुर, साकेत जी ब्लॉक और एयरोसिटी में इंटरचेंज स्टेशन होंगे। यहां दिल्ली मेट्रो की पहली इंटरचेंज सुविधा होगी, जिसमें भूमिगत पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इस कॉरिडोर पर महिपालपुर, वसंत कुंज, छतरपुर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, मैदान गढ़ी, नेबसराय, साकेत, खानपुर, संगम विहार और तुगलकाबाद के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में रहने वालों को भी मेट्रो की सुविधा मिलेगी।
मेट्रो कॉरिडोर के तैयार होने से महिपालपुर-महरौली रोड, महरौली-बदरपुर रोड और इग्नू रोड के यात्रियों को लाभ मिलेगा। इस कॉरिडोर के पूरा होने के बाद दक्षिण दिल्ली और महरौली-बदरपुर रोड के साथ घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लोगों को सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेंगे।
