नई दिल्ली, 27 दिसंबर । पाकिस्तान से मंगलवार को प्रकाशित अधिकांश समाचार पत्रों ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के चेयरमैन इमरान खान पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के जरिए हमला बोले जाने की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की हैं।
शरीफ ने कहा है कि घड़ी चोर ने देश को दुनिया में बदनाम किया, अर्थव्यवस्था का बेड़ा गर्क कर दिया और दोस्त देशों से संबंध खराब कर दिए। उनका कहना है कि आम जनता परेशान ना हो, देश को मुश्किल से निकालेंगे। फिर जनता फैसला करेगी कि झूठे नारे लगाने वाला वाला चाहिए या फिर विकास करने वाला चाहिए। यह बातें उन्होंने दक्षिणी खैबरपख्तूनख्वा और डेरा इस्माईल खां में अरबों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहीं।
अखबारों ने पाकिस्तान में आटे की किल्लत की खबर देते हुए बताया है कि सरकारी रेट पर अब आटा मिलना दुर्लभ हो गया है। कई शहरों में आटे के लिए लाइनें लगी दिखाई पड़ रही हैं। पंजाब में 15 किलो आटे का थैला 1900, पेशावर में 20 किलो आटे का थैला 2400 तक में बेचा जा रहा है। आटा मिल मालिकों ने मिल बंद करने का फैसला लिया है।
अखबारों ने पाकिस्तान में महंगाई के ऐतिहासिक हद तक बढ़ने की खबर देते हुए बताया है कि यह 27.3 प्रतिशत तक पहुंच गई है। सांख्यिकी विभाग के जरिए जारी आंकड़ों में कहा गया है कि एक साल में 20 किलो आटे का थैला 1040 रुपये मंहगा हुआ है, ढाई किलो का घी का डिब्बा 650 रुपये, एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर 1200 रुपये महंगा हुआ है।
अखबारों ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट का एक फैसला छापा है, जिसमें कहा गया है कि राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को मिलने वाले सभी तोहफों की सूची एक महीने में पेश की जाए। पाकिस्तान की स्थापना से लेकर अब तक मिले सभी तोहफों की जानकारी नहीं देने पर अदालत ने नोटिस जारी किया है। अखबारों ने उज्बेकिस्तान के उप प्रधानमंत्री का पाकिस्तान का दौरा किए जाने की खबरें देते हुए बताया है कि इस दौरान 9 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। अखबारों ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि पीटीआई सदस्यों के त्यागपत्र स्वीकार करने से पहले स्पीकर का विदेश जाना संसद की अवमानना है। यह हुकूमत और स्पीकर की मिलीभगत है।
अखबारों ने अफगानिस्तान के हायर एजुकेशन मंत्री का एक बयान छापा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि महिलाओं की उच्च शिक्षा पर पाबंदी एटम बम भी गिरा दिया जाए तो पीछे नहीं हटेंगे। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बिरादरी की तरफ से पाबंदियों के लिए तैयार हैं। अखबारों ने बांग्लादेश में विपक्ष समर्थित प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प होने की खबर देते हुए बताया है कि एक व्यक्ति मारा गया है और 18 जख्मी हुए हैं।
अखबारों ने रूस के एक विधानसभा सदस्य समेत दो रूसी नागरिकों की उड़ीसा के एक होटल में हत्या किए जाने की खबरें भी दी हैं। 65 वर्षीय एंटोनियो को उड़ीसा में होटल की तीसरी मंजिल से नीचे गिरा दिया गया है। इनका साथी भी इसी होटल में मुर्दा पाया गया है। ये सभी खबरें रोजनामा पाकिस्तान, रोजनामा नवाएवक्त, रोजनामा खबरें, रोजनामा दुनिया, रोजनामा एक्सप्रेस, रोजनामा जंग, रोजनामा औसाफ आदि ने पहले पन्ने पर प्रकाशित की है।
रोजनामा नवाएवक्त ने पुंछ से सेना और अर्धसैनिक बलों के तलाशी अभियान के दौरान एक कश्मीरी युवक की गिरफ्तारी की खबर छापी है। अखबार ने बताया है कि गणतंत्र दिवस समारोह पर जम्मू-कश्मीर की सभी सरकारी इमारतों और सरकारी संस्थानों पर भारतीय ध्वज तिरंगा लहराना जरूरी करार दे दिया गया है।
रोजनामा खबरें ने उत्तर प्रदेश में स्थित अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में एक कश्मीरी छात्र पर हिंसा की खबर दी है। इस घटना के बाद वहां मौजूद सैकड़ों कश्मीरी छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया है। इन छात्रों ने बताया है कि यूनिवर्सिटी के कुछ छात्र बैडमिंटन खेल रहे थे और उसी दौरान एक कश्मीरी पीएचडी स्कॉलर ने छात्रों से कहा कि वह बैडमिंटन खेलना बंद कर दें, क्योंकि इनके शोर-शराबे से अन्य छात्र डिस्टर्ब हो रहे हैं तो यह छात्र आपे से बाहर हो गए और छात्र के साथ मार पीट शुरू कर दिया।
