कराची, 28 दिसंबर। सरफराज अहमद अब पाकिस्तान के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। सरफराज ने कराची में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट में इस उपलब्धि को हासिल किया।
सरफराज, जिन्होंने आखिरी बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जनवरी 2019 में अपने देश के लिए एक टेस्ट मैच खेला था, ने लगभग तीन साल बाद कीवी टीम के खिलाफ यादगार वापसी करते हुए 153 गेंदों में 86 रन बनाए, जिसमें नौ चौके शामिल थे। उन्होंने कप्तान बाबर आजम के साथ पांचवें विकेट के लिए 196 रन की साझेदारी की।
अब 50 टेस्ट में बतौर विकेटकीपर सरफराज ने 37.06 की औसत से 2,743 रन बनाए हैं। उन्होंने 112 के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर के साथ इस प्रारूप में तीन शतक और 19 अर्धशतक बनाए हैं।
उनके बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज कामरान अकमल (53 टेस्ट में 2,648 रन), मोइन खान (66 टेस्ट में 2,581 रन), इम्तियाज अहमद (66 टेस्ट में 2,010 रन) और राशिद लतीफ (37 टेस्ट में 1,381 रन) हैं।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 438 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड ने समाचार लिखे जाने तक तीसरे दिन लंच तक 2 विकेट पर 245 रन बना लिए हैं। केन विलियमसन 19 और हिनरी निकोल्स 10 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। न्यूजीलैंड के लिए सलामी बल्लेबाज टॉम लैथम ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 113 रन बनाए, जबकि कॉनवे ने 92 रनों की शानदार पारी खेली।
