महासमुंद । युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) अंतर्गत महासमुंद जिले में वर्ष 2022-23 के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत युवाओं को उद्योग और सेवा क्षेत्र के लिए अधिकतम 50 लाख और 20 लाख रुपए तक के ऋण पर शहरी क्षेत्र के लिए परियोजना लागत का 25 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्र के लिए परियोजना लागत का 35 प्रतिशत अनुदान दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि आवेदक की उम्र 18 वर्ष से कम न हो और 8 वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है, बैंक वित्तीय संस्थान का चूककर्ता न हो, भारत शासन या राज्य शासन से पूर्व में अनुदान का लाभ न लिया हो। स्थायी जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, प्रोजेक्ट रिपोर्ट, पासपोर्ट साईज फोटो और ग्रामीण क्षेत्र में उद्योग, सेवा स्थापित करने पर संबंधित ग्राम का जनसंख्या प्रमाण पत्र लगाना आवश्यक है। वेबसाईटwww.kviconline.gov.in में लॉगिन कर एजेंसी-डीआईसी का चयन कर ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महासमुंद, पुराना तहसील ऑफिस परिसर, महासमुंद में या मोबाईल नम्बर 88843-22242, 79873-79574, 83193-70847, 75877-24731 एवं 86022-26369 में कार्यालयीन समय पर संपर्क कर सकते है।
