राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि शिक्षा सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। वेलिंगटन के ताकिना वेलिंगटन कन्वेंशन सेंटर में न्यूजीलैंड अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार ने देश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं।
न्यूजीलैंड की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आईं राष्ट्रपति मुर्मू आज सुबह राजधानी वेलिंगटन पहुंचीं। वेलिंगटन के गवर्नमेंट हाउस में न्यूजीलैंड की गवर्नर जनरल डेम सिंडी कीरो की मौजूदगी में उनका औपचारिक स्वागत किया गया और रॉयल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। औपचारिक स्वागत में पारंपरिक माओरी संस्कृति का प्रदर्शन किया गया। राष्ट्रपति मुर्मू को गवर्नर जनरल ने होंगी अभ्यास के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने हाका प्रदर्शन भी देखा।
राष्ट्रपति मुर्मू न्यूजीलैंड की गवर्नर जनरल डेम सिंडी कीरो, प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स के साथ गवर्नमेंट हाउस में द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। बाद में, वह पुकेहू राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी और गवर्नर जनरल द्वारा आयोजित राजकीय भोज में शामिल होंगी।
