जयपुर, 01 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू 3 और 4 जनवरी को पहली बार राजस्थान दौरे पर आएंगीं। सेना के विशेष विमान से राष्ट्रपति तीन जनवरी को जयपुर पहुंचेगी। यहां वे राजभवन में बने संविधान पार्क का उद्घाटन करेगी। इसके बाद सेना के विशेष विमान से माउंट आबू के लिए रवाना होंगी, जहां वे ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इसके बाद उनका चार जनवरी को पाली के रोहट में राष्ट्रीय जंबूरी में शामिल होने का कार्यक्रम हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार तीन जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह सेना के हेलीकॉप्टर से जयपुर आएंगी। एयरपोर्ट से सड़क मार्ग से राजभवन जाएंगी। सुबह 11 बजे संविधान पार्क के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद राजभवन में राष्ट्रपति के लिए आयोजित लंच में मौजूद रहेगी। दोपहर बाद राष्ट्रपति सेना के हैलीकॉप्टर से माउंट आबू के लिए रवाना होगी, जहां वह ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में बतौर अतिथि शामिल होंगी।
इसके बाद वे माउंट आबू में ही डिनर और रात्रि विश्राम करेगी। चार जनवरी को सुबह एयरस्ट्रिप से पाली के रोहट में पहुंचेंगी। जहां राष्ट्रपति राष्ट्रीय जबूरी का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल के पास बनाए गए हैलीपेड से जोधपुर के लिए रवाना होंगी। इसके बाद शाम 4 बजे सेना के हेलीकॉप्टर से दिल्ली रवाना होंगी।
