डीएमआरसी ने गोकलपुरी से डीएलएफ, दिलशाद गार्डन एक्सटेंशन-2 होकर अर्थला तक मेट्रो के नए काॅरिडोर की योजना तैयार की है। दिल्ली मेट्रो ने शुरुआती स्तर का एक प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार के साथ दिल्ली व उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा है।
राजधानी के सबसे घने इलाके उत्तर-पूर्वी दिल्ली से ट्रांस हिंडन के बीच तीसरी मेट्रो चलने की उम्मीद बन गई है। डीएमआरसी ने गोकलपुरी से डीएलएफ, दिलशाद गार्डन एक्सटेंशन-2 होकर अर्थला तक मेट्रो के नए काॅरिडोर की योजना तैयार की है। दिल्ली मेट्रो ने शुरुआती स्तर का एक प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार के साथ दिल्ली व उत्तर प्रदेश सरकार को भेजा है। यहां से हरी झंडी मिलते ही डीएमआरसी नए मेट्रो रूट पर सर्वे समेत दूसरी औपचारिकताओं को पूरा करेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस काॅरिडोर के तैयार होने से बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही आसान होगी।
दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाला तीसरा काॅरिडोर शिव विहार-मजलिस पार्क की पिंक लाइन के मौजूदा गोकलपुरी मेट्रो स्टेशन से शुरू होगा। आगे यह वजीराबाद रोड के साथ दिल्ली-यूपी बॉर्डर के दिलशाद गार्डन एक्सटेंशन-2, डीएलएफ तक जाएगा। वहां से वह वाया हिंडन एयरपोर्ट अर्थला तक पहुंचेगा। इससे मेट्रो की सबसे पुरानी रेड लाइन और निर्माणाधीन पिंक लाइन को जोड़ने वाले इस कॉरिडोर के तैयार होने से बड़ी आबादी को फायदा होगा। जिस इलाके से मेट्रो गुजरेगी, वह दिल्ली की सबसे घनी बसावट वाला इलाका है। वहीं, यूपी की तरफ से बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। डीएमआरसी के अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली से गाजियाबाद के बीच प्रस्तावित तीसरी लाइन का शुरुआती प्रस्ताव तैयार है। इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के साथ दिल्ली व यूपी की सरकारों को भेजा गया है। तीनों सरकारों की सहमति मिलने के बाद काॅरिडोर के रूट के सर्वे के साथ दूसरे औपचारिकताओं को डीएमआरसी पूरा करेगा। काम शुरू होने का समय सरकारों से मिलने वाली मंजूरी पर निर्भर करेगा।
