नई दिल्ली। दिल्ली से पेरिस जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया की फ्लाइट AI143 (दिल्ली-पेरिस) की आईजीआई एयरपोर्ट पर सकुशल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
विमान में कुल 231 यात्री मौजूद थे। बताया जा रहा है कि विमान में फ्लैप इशू आया था। इसी वजह से फ्लाइट की तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग करवा दी गई।
आईजीआई एयरपोर्ट जिला डीसीपी रवि कुमार सिंह ने इमरजेंसी लैंडिंग करवाने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि पेरिस जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट की एयर विंग में खराबी थी। हालांकि अभी मामले की जांच चल रही है और उसके बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी। जब तक फ्लाइट सकुशल लैंड नहीं हुई तब तक इस पूरे मामले को गुप्त रखा गया था।
जानकारी के लिए बता दें कि किसी भी विमान में फ्लैप एक अहम हिस्सा होता है। इसके जरिए लैंडिंग एयरस्पीड को कंट्रोल किया जाता है। अगर इनमें तकनीकी खराबी आए तो लैंडिंग एयरस्पीड ज्यादा हो जाती है।
अब एयर इंडिया के विमान में फ्लैप की वजह से क्या दिक्कत आई, ये अभी तक स्पष्ट नहीं है।
