मुंबई । भारत के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत लिगामेंट की चोट की सर्जरी कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्हें देहरादून अस्पताल से एयरएंबुलेंस के जरिए मुंबई शिफ्ट किया गया है, जहां घुटने और टखने की चोट का इलाज होगा।
बीसीसीआई ने पंत को लेकर एक मेडिकल रिलीज जारी की है। इसमें बताया कि पंत का इलाज अब मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में होगा। वहां उनके घुटने के लिगामेंट की सर्जरी होगी। पंत के शरीर के कुछ हिस्सों में अभी भी दर्द और सूजन है। इसका इलाज भी वहीं किया जाएगा।
बीसीसीआई ने अपने बयान में लिखा, ‘भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारत के विकेटकीपर ऋषभ पंत को मुंबई स्थानांतरित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं। ऋषभ 30 दिसंबर को एक कार दुर्घटना के बाद देहरादून के मैक्स अस्पताल में अपनी चोटों का इलाज करवा रहे हैं। उन्हें एक एयर एंबुलेंस में मुंबई लाया जाएगा।
बोर्ड ने आगे लिखा, उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया जाएगा। वह अस्पताल में सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के प्रमुख डॉ दिनशॉ पारदीवाला की निगरानी में रहेंगे। ऋषभ की लिगामेंट टियर की सर्जरी और बाद की प्रक्रियाएं होंगी। उनके ठीक होने और रिहैबिलिटेशन के दौरान बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी।
बीसीसीआई ने बताया, बोर्ड ऋषभ की रिकवरी प्रक्रिया में सहायता और तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा और इस अवधि के दौरान उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगा।
बता दें कि 30 दिसंबर को उत्तराखंड के रुड़की में पंत की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। उसके बाद पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया था। उसके बाद पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल में रखा गया। अब वह मुंबई एयरलिफ्ट किए गए हैं।
आईपीएल से हो सकते हैं बाहर
पंत को चोट से उबरने में काफी समय लग सकता है। इस वजह से वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फरवरी-मार्च में होने वाली सीरीज से बाहर हो सकते हैं। उनके आईपीएल के 16वें सीजन से भी दूर रहने की आशंका है।
