मौसम न्यूज 8 अक्टूबर 2024: राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में मॉनसून की विदाई के बाद गर्मी बढ़ गई है। केरल और तमिलनाडु सहित दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है। उत्तर पूर्व भारत में असम और मेघालय में भी बारिश हो सकती है।
राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत में मॉनसून की वापसी के साथ ही गर्मी बढ़ गई है। अभी हफ्तेभर तक गर्मी जारी रहेगी। वहीं दक्षिण भारत और नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में अभी भी बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार को केरल में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज भी केरल में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा नॉर्थ ईस्ट के राज्यों असम और मेघालय में भी आज बारिश की संभावना है। जानिए आज कहां कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर से मॉनसून की विदाई हो चुकी है। पिछले हफ्तेभर से दिल्ली में लगातार तापमान बढ़ रहा है और लोगों को गर्मी परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली में आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई है। आईएमडी का कहना है कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक गर्मी जारी रहेगी। वहीं कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक रह सकता है। हालांकि अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से दिल्ली में तापमान घटना शुरू हो जाएगा और गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी।
आज कहां कैसा रहेगा मौसम?
शहर न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
दिल्ली 22 36
नोएडा 24 35
गाजियाबाद 24 35
पटना 28 34
लखनऊ 25 35
जयपुर 23 35
भोपाल 22 33
मुंबई 26 35
अहमदाबाद 26 36
जम्मू 22 30
इन राज्यों में भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आज ओडिशा, असम, मेघालय, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी का कहना है कि दक्षिण केरल और लक्षद्वीप के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसी चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो तमिलनाडु से होते हुए गुजर रही है। इसके अलावा, एक पश्चिमी विक्षोभ भी पाकिस्तान और बलूचिस्तान के ऊपर बना हुआ है। पूर्वोत्तर भारत में, असम के ऊपर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
